Monday, May 6, 2019

राष्ट्रीय खनिज नीति, 2019

Ashok Pradhan     May 06, 2019     No comments

संदर्भ

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने हाल ही में राष्ट्रीय खनिज नीति, 2019(National Mineral Policy-NMP 2019) को मंज़ूरी दी। इस नीति का उद्देश्य खनन क्षेत्र के प्रभावी विनियमन और सतत् विकास को सुनिश्चित करना है।

उद्देश्य

राष्ट्रीय खनिज नीति, 2019 का उद्देश्य प्रभावी, अर्थपूर्ण और कार्यान्वयन-योग्य नीति का निर्माण करना है जो बेहतर पारदर्शिता, विनियमन और प्रवर्तन, संतुलित सामाजिक व आर्थिक विकास के साथ-साथ दीर्घावधिक खनन अभ्यासों को बढ़ावा देने में सक्षम हो।

पृष्ठभूमि

  • राष्ट्रीय खनिज नीति 2019, मौजूदा राष्ट्रीय खनिज नीति 2008 (NMP 2008) का स्थान लेती है जिसे वर्ष 2008 में घोषित किया गया था।
  • NMP 2008 की समीक्षा करने की प्रेरणा सर्वोच्च न्यायालय द्वारा कॉमन कॉज बनाम यूनियन ऑफ़ इंडिया और अन्य के मामले में दिये गए एक निर्देश के बाद आई।
  • शीर्ष न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में खान मंत्रालय ने NMP 2008 की समीक्षा करने के लिये खान मंत्रालय के अपर सचिव डॉ. के. राजेश्वर राव की अध्यक्षता में 14 अगस्त, 2017 को एक समिति गठित की थी।
  • समिति की बैठकों और हितधारकों की टिप्पणियों/सुझावों पर विचार-विमर्श के बाद समिति ने रिपोर्ट तैयार कर खान मंत्रालय को प्रस्तुत की।
  • खान मंत्रालय ने समिति की रिपोर्ट को स्वीकार कर पूर्व विधायी परामर्श नीति (Pre-legislative Consultation Policy-PLCP) प्रक्रिया के हिस्से के रूप में हितधारकों की टिप्पणियों/सुझावों को आमंत्रित किया।
  • PLCP प्रक्रिया में प्राप्त टिप्पणियों/सुझावों और केंद्रीय मंत्रालयों/विभागों की टिप्पणियों/सुझावों के आधार पर राष्ट्रीय खनिज नीति, 2019 को अंतिम रूप दिया गया।

नीति की प्रमुख विशेषताएँ

  • नीति में निजी क्षेत्र के लिये खनन के वित्तपोषण को बढ़ावा देने के लिये खनन गतिविधि को ‘उद्योग’ का दर्जा देने का प्रस्ताव है।
  • यह नीति खनिजों की निकासी और परिवहन के लिये तटीय जलमार्ग और अंतर्देशीय शिपिंग के उपयोग पर ध्यान केंद्रित करती है और खनिजों के परिवहन को सुविधाजनक बनाने के लिये समर्पित खनिज गलियारों को भी प्रोत्साहित करती है।
  • नीति में सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को दिये गए आरक्षित क्षेत्रों जिनका उपयोग नहीं किया गया है, को युक्तिसंगत बनाने और इन क्षेत्रों को नीलामी हेतु रखे जाने का भी उल्लेख किया गया है, जिससे निजी क्षेत्र को भागीदारी के अधिक अवसर प्राप्त होंगे।
  • इस नीति में निजी क्षेत्र की सहायता करने के लिये वैश्विक मानदंड के साथ कर, प्रभार और राजस्व के बीच सामंजस्य बनाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया गया है।
  • यह निजी क्षेत्र को अन्वेषण (Exploration) हेतु प्रोत्साहित करती है।
  • इसमें यह भी उल्लेख किया गया है कि खनिज के लिये दीर्घकालिक आयात नीति से निजी क्षेत्र को बेहतर योजना और व्यापार में स्थिरता लाने में मदद मिलेगी।

नीति का प्रभाव

  • वाटर चैनल के माध्यम से खनिजों का परिवहन पारंपरिक तरीकों की तुलना में बहुत सस्ता और किफायती होता है। साथ ही, अंतर्देशीय जलमार्ग के विकास से खनिजों का उत्पादन करने वाले 12 राज्यों का एकीकरण होगा।
  • समर्पित खनिज गलियारे परिवहन की लागत तथा प्रदूषण को कम करने में मदद करेंगे साथ ही निर्यात द्वारा राजस्व को भी बढ़ावा देंगे।
  • भारत में अधिकांश खनिज पहाड़ी क्षेत्रों में या उन स्थानों पर पाए जाते हैं जहाँ जनजातियों की बहुलता होती है या जहाँ विकास नहीं हुआ है तथा उचित भौतिक या सामाजिक बुनियादी ढाँचे का अभाव है। ज़िला खनिज निधि से खनिज समृद्ध हर ज़िले के विकास में मदद मिलेगी।
  • ज़िला खनिज निधि का समुचित उपयोग न केवल स्थानीय क्षेत्र में जल, स्वास्थ्य देखभाल और कौशल जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जाएगा बल्कि यह सतत् विकास में भी महत्त्वपूर्ण योगदान देगी।
  • नई नीति लोगों को शिक्षित करने और अपेक्षित कौशल प्रदान कर पर्यावरण की रक्षा करने में भी मदद करेगी।
  • निजी क्षेत्र उन आरक्षित क्षेत्रों में उत्पादन करने में सक्षम होगा, जिनका अभी तक सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों द्वारा उपयोग नहीं किया गया है।
  • एक बार खनन उद्योग को औद्योगिक दर्जा मिलने के बाद उद्यमियों के लिये बैंकों और अन्य संस्थानों से वित्त प्राप्त करना आसान हो जाएगा।
  • डेटाबेस के रखरखाव से उद्यमियों को उन क्षेत्रों की पहचान करने में मदद मिलेगी जहाँ खनिज पाए जाते हैं और इस प्रकार वे गतिविधियों की योजना बनाने में सक्षम होंगे।

आगे की राह

  • ज़िला खनिज निधि के उपयोग में पारदर्शिता होनी चाहिये।
  • खनिज गलियारों के सफल संचालन के लिये शिपिंग मंत्रालय, सड़क एवं राजमार्ग मंत्रालय तथा रेलवे मंत्रालय से सहायता की आवश्यकता होती है।
  • 'खनिज गलियारों' के संबंध में एक अलग कार्य बल खनिजों के निर्बाध परिवहन में बाधाओं की पहचान करने में मदद करेगा।
  • सरकार को भारत में खनन हेतु उपलब्ध उन खनिजों के आयात को रोकने के लिये खनन की लागत पर सब्सिडी देने की आवश्यकता है।
  • खनिज मुद्दों पर समर्पित फास्ट ट्रैक अदालतें न केवल निवेश को आकर्षित करेंगी, बल्कि निर्यात को प्रोत्साहन भी प्रदान करेंगी।
  • भारत में खनन की लागत को कम करने के लिये ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत खनन क्षेत्र में अनुसंधान एवं विकास कार्यों में निवेश किया जाना आवश्यक है, इससे लोगों को रोज़गार के अवसर प्रदान करने के साथ ही विदेशी मुद्रा की बचत होती है।

निष्कर्ष

खनिज संपन्न राज्यों के साथ पूरे देश की आर्थिक प्रगति के लिये राष्ट्रीय खनिज नीति का उचित कार्यान्वयन आवश्यक है। ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत, भारत सरकार का उद्देश्य अर्थव्यवस्था में विनिर्माण क्षेत्र की हिस्सेदारी बढ़ाना है। खनिज/अयस्क आपूर्ति पर निर्भर डाउनस्ट्रीम उद्योगों की मांग को पूरा करने के लिये इस राष्ट्रीय पहल को स्थायी आधार पर खनिज क्षेत्र के समग्र विकास पर केंद्रित करने की आवश्यकता है।

Saturday, May 4, 2019

भारत में ई-कॉमर्स

Ashok Pradhan     May 04, 2019     No comments

ई-कॉमर्स क्या है?

  • दरअसल, इलेक्ट्रॉनिक कॉमर्स को ही शॉर्ट फॉर्म में ई-कॉमर्स कहा जाता है। यह ऑनलाइन व्यापार करने का एक तरीका है। इसके अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम के द्वारा इंटरनेट के माध्यम से वस्तुओं और सेवाओं की खरीद-बिक्री की जाती है।
  • आज के समय में ई-कॉमर्स के लिये इंटरनेट सबसे महत्त्वपूर्ण पहलुओं में से एक है। यह बुनियादी ढाँचे के साथ-साथ उपभोक्ता और व्यापार के लिये कई अवसर भी प्रस्तुत करता है। इसके उपयोग से उपभोक्ताओं के लिये समय और दूरी जैसी बाधाएँ बहुत मायने नहीं रखती हैं।
  • इसमें कंप्यूटर, इंटरनेट नेटवर्क, वर्ल्डवाइड वेव और ई-मेल को उपयोग में लाकर व्यापारिक क्रियाकलापों को संचालित किया जाता है।
यहाँ सवाल यह उठता है कि ई-कॉमर्स में उपभोक्ता यानी कि कंज्यूमर और बिज़नेसमैन के बीच संबंधों की प्रक्रिया कैसे सुचारु रूप से संचालित होती है? आपको बता दें कि पॉपुलर तरीके से इनके बीच कई प्रकार के मॉडल कार्य करते हैं जिसमें कुछ प्रमुख हैं।
  • इनमें पहला है B2B यानी कि बिज़नेस टू बिज़नेस मॉडल। इसके अंतर्गत एक कंपनी किसी दूसरी कंपनी या फर्म को सामान बेचती है। इसके अंतर्गत वे कंपनियाँ या फर्म आते हैं जो खुद के प्रयोग के लिये सामान खरीदते हैं या फिर कच्चा माल खरीदकर उससे सामान तैयार करते हैं।
  • दूसरे प्रकार का मॉडल है B2C यानी कि बिज़नेस टू कंज्यूमर। इसके तहत कंज्यूमर किसी कंपनी से सीधे सामान खरीदता है।
  • इसी प्रकार तीसरे तरह का मॉडल है C2C यानी कि कंज्यूमर टू कंज्यूमर। इसके तहत कंज्यूमर सीधे कंज्यूमर से संपर्क करता है। इसमें कंपनियों की कोई भूमिका नहीं होती है।
  • चौथे प्रकार का मॉडल है C2B यानी कि कंज्यूमर टू बिज़नेस। इसमें कंपनी सीधे कंज्यूमर से संपर्क करती है।
  • इसी तरह बाज़ार में बढ़ती सामानों की मांग और उसकी आपूर्ति को देखते हुए ई-कॉमर्स की ऑनलाइन शॉपिंग में दो तरह के मॉडल अब ज़्यादा पॉपुलर हो रहे हैं जिनमें पहला है- मार्केट प्लेस मॉडल| इस मॉडल में ऑनलाइन कंपनियाँ केवल एक प्लेटफॉर्म उपलब्ध करा देती हैं, जहाँ से कंज्यूमर अपनी जरूरत के मुताबिक सामान खरीद सकता है। जैसे कि अमेजन, स्नैपडील, फ्लिपकार्ट इत्यादि। इसमें अन्य ऑनलाइन कंपनियों का कोई रोल नहीं होता है। इसी प्रकार दूसरा है इन्वेंटरी मॉडल| इसके तहत ऑनलाइन कंपनियाँ इस प्लेटफॉर्म पर अपनी कंपनी के द्वारा सामान बेचती हैं। इसमें अलीबाबा का नाम सबसे ऊपर आता है।   

ई-कॉमर्स के लाभ

  • गौरतलब है कि ई-कॉमर्स के ज़रिये सामान सीधे उपभोक्ता को प्राप्त होता है। इससे बिचौलियों की भूमिका तो समाप्त होती ही है, सामान भी सस्ता मिलता है। इससे बाज़ार में भी प्रतिस्पर्द्धा बनी रहती है और ग्राहक बाज़ार में उपलब्ध सामानों की तुलना भी कर पाता है जिसके कारण ग्राहकों को उच्च गुणवत्ता वाला सामान मिल पाता है।
  • एक तरफ ऑनलाइन शॉपिंग में ग्राहकों की राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार तक पहुँच आसान हो जाती है तो वहीं दूसरी तरफ, ग्राहकों का समय भी बचता है।
  • ई-कॉमर्स के ज़रिये छोटे तथा मझोले उद्यमियों को आसानी से एक प्लेटफॉर्म मिल जाता है जहाँ वे अपने सामान को बेच पाते हैं। साथ ही इसके माध्यम से ग्राहकों को कोई भी स्पेसिफिक प्रोडक्ट आसानी से मिल सकता है।
  • ई-कॉमर्स के ज़रिये परिवहन के क्षेत्र में भी सुविधाएँ बढ़ी हैं, जैसे ओला और ऊबर की सुविधा। इसके अलावा मेडिकल, रिटेल, बैंकिंग, शिक्षा, मनोरंजन और होम सर्विस जैसी सुविधाएँ ऑनलाइन होने से लोगों की सहूलियतें बढ़ी हैं। इसलिये बिज़नेस की दृष्टि से ई-कॉमर्स काफी महत्त्वपूर्ण होता जा रहा है।
  • ई-कॉमर्स के आने से विज्ञापनों पर होने वाले बेतहाशा खर्च में भी कमी देखी गई है| इससे भी सामान की कीमतों में कमी आती है।
  • इसी तरह एक ओर, जहाँ शो-रूम और गोदामों के खर्चों में कमी आती है, तो वहीं दूसरी ओर, नए बाज़ार की संभावनाएँ भी  बढ़ती हैं। साथ ही इससे वस्तुओं और सेवाओं की आपूर्ति में तीव्रता आती है और ग्राहकों की संतुष्टि का ध्यान भी रखा जाता है।
इन्हीं तमाम खूबियों की वज़ह से ई-कॉमर्स से अनेक लाभ मिलते हैं किन्तु इससे कुछ समस्याएँ भी उत्पन्न होती हैं जिनको समझना ज़रूरी है।

चुनौतियाँ 

  • गौरतलब है कि ऑनलाइन शॉपिंग को लेकर कंज्यूमर्स के मन में हमेशा संदेह का भाव बना रहता है कि उन्होंने जो प्रोडक्ट खरीदा है वह सही होगा भी या नहीं। इस वर्ष सरकार को ई-कॉमर्स से जुड़ी बहुत सी वेबसाइट्स के खिलाफ शिकायतें भी मिलीं, जिनमें कंज्यूमर का कहना था कि उन्होंने जो सामान बुक किया था उसके बदले उन्हें किसी और सामान की डिलीवरी की गई या फिर वह सामान खराब था।
  • इसी तरह कई बार लोगों की शिकायतें रहती हैं कि अब वे कहाँ इसके खिलाफ शिकायत करें।
  • एक तरफ, जहाँ इसको लेकर किसी ठोस कानून का अभाव है, तो वहीँ दूसरी तरफ, लोगों में जागरूकता की कमी भी दिखती है।
  • स्पष्ट नियम और कानून न होने की वज़ह से छोटे और मझोले उद्योगों के सामने कुछ चुनौतियाँ भी उत्पन्न हो सकती हैं| वे बाज़ार की इस अंधी दौड़ में इन बड़ी-बड़ी कंपनियों का सामना नहीं कर पाएंगे। ऐसे में बेरोज़गारी के बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
  • ऑनलाइन शॉपिंग के मामले में सुरक्षा को लेकर लोगों ने पहले से ही चिंता जाहिर की है| उनका मानना है कि ये कंपनियाँ उनका डेटा कलेक्ट कर रही हैं, जो कि चिंता की बात है।
  • इसी प्रकार ऑनलाइन शॉपिंग में लोगों के क्रेडिट या डेबिट कार्ड की क्लोनिंग कर उनके बैंक बैलेंस से रुपए निकाल लेना या फिर हैकरों के द्वारा बैंकिंग डेटा की हैकिंग कर लेना भी एक समस्या है। इतना ही नहीं, ऑनलाइन शॉपिंग के क्षेत्र में कार्यरत कुछ बड़ी कंपनियाँ अब सामानों की डिलीवरी ड्रोन से करने का मन बना रही हैं, जिसको लेकर सरकार और लोगों के चेहरे पर चिंता की लकीरें स्पष्ट दिख रही हैं।

आगे की राह 

आज देश में ई-कॉमर्स सेक्टर से जुड़ा व्यापार करीब 25 अरब डॉलर का है। ऐसा अनुमान है कि अगले 10 वर्षों में यह व्यापार करीब 200 अरब डॉलर का हो जाएगा। अब सवाल यह उठता है कि इस क्षेत्र में इतनी तेज़ वृद्धि की आखिर वज़ह क्या है? आपको बता दें कि एक ओर, देश की जनसंख्या तेज़ी से बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर, स्मार्टफोन और डेटा टैरिफ सस्ते हो रहे हैं। इतना ही नहीं, नेटवर्क कनेक्टिविटी में वृद्धि होना भी इसका एक कारण है। इन्हीं सब वज़हों को देखते हुए विशेषज्ञों का मानना है कि यह देश के लिये एक अवसर है, किंतु समस्या यह है कि ई-कॉमर्स को लेकर देश में अब तक कोई स्पष्ट नीति नहीं है। इस क्षेत्र में बढ़ रही संभावनाओं के मद्देनज़र सरकार को एक स्पष्ट नीति लाने की ज़रूरत है। जिस तरह से ई-कॉमर्स क्षेत्र की कंपनियाँ लोगों का डेटा कलेक्ट कर रही हैं उससे लोगों की चिंता बढ़ गई है। इधर डेटा सुरक्षा को लेकर गठित जस्टिस श्रीकृष्ण समिति ने भी सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। कुल मिलाकर, अब समय आ गया है कि सरकार इस पर विचार करे। इसी प्रकार ई-कॉमर्स पर गठित टास्क फोर्स के द्वारा तैयार किये गए ड्राफ्ट में उल्लिखित बातों पर भी अमल किये जाने की ज़रूरत है।

Thursday, May 2, 2019

न्यायपालिका के विरुद्ध षड्यंत्र

Ashok Pradhan     May 02, 2019     No comments

संदर्भ

सर्वोच्च न्यायालय ने मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई के खिलाफ यौन उत्पीड़न से संबंधित मामले में साजिश के आरोपों की जाँच के लिये शीर्ष अदालत के पूर्व न्यायाधीश ए.के. पटनायक को जाँच का जिम्मा सौंपा है। पटनायक एडवोकेट उत्सव सिंह बैंस के उस आरोप की जाँच करेंगे जिसमें कहा गया था कि मुख्य न्यायाधीश को फँसाने की कोशिश की जा रही है।
  • तीन जजों की बेंच जिसमें अरुण मिश्रा, रोहिंटन नरिमन और दीपक गुप्ता हैं, को ये भी निर्देश दिये गए हैं कि केंद्रीय जाँच ब्यूरो (CBI) और आईबी के निदेशकों व दिल्ली पुलिस आयुक्त ज़रूरत पड़ने पर न्यायमूर्ति पटनायक का सहयोग करें।
  • अदालत ने कहा कि जाँच पूरी होने के बाद जस्टिस पटनायक एक सीलबंद लिफाफे में जाँच रिपोर्ट दाखिल करेंगे।
  • सर्वोच्च न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि पटनायक केवल न्यायपालिका में भ्रष्टाचार के मामले का संज्ञान लेंगे। मुख्य न्यायाधीश पर लगे यौन उत्पीड़न मामले से उनका कोई संबंध नहीं होगा।

क्या है मामला?

  • सुप्रीम कोर्ट ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) रंजन गोगोई के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों की जाँच करने का संकल्प लिया है।
  • कोर्ट का मानना है कि ऐसे आरोप असंतुष्ट कर्मचारियों, कॉरपोरेट हस्तियों और फिक्सर गिरोह द्वारा रची गई एक बड़ी साजिश का हिस्सा हैं।
  • न्यायमूर्ति अरुण मिश्रा की अगुवाई वाली विशेष पीठ में एक युवा वकील, उत्सव सिंह बैंस द्वारा एक सीलबंद लिफाफे में हलफनामा दाखिल कर दावा किया गया था कि मुख्य न्यायाधीश को एक झूठे मामले में फ़ँसाने के लिये उन्हें डेढ़ करोड़ रुपए देने की पेशकश की गई थी।
  • बैंस ने महत्त्वपूर्ण सबूत के साथ दावा किया है कि एक लॉबी मुख्य न्यायाधीश और न्यायपालिका को बदनाम करने के काम में सक्रिय है।
  • गौरतलब है कि 19 अप्रैल, 2019 को नौकरी से बर्खास्त महिला ने सुप्रीम कोर्ट के 22 न्यायाधीशों को पत्र लिखा था, जिसमें अक्तूबर 2018 में CJI द्वारा यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया गया था।

न्यायालय का अपमान

  • अवमानना ​ कानून के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति या मीडिया हाउस न्यायाधीशों या न्याय प्रणाली के खिलाफ आरोप लगाता है जिससे कि न्यायपालिका विवाद में घिर जाती है तो न्यायपालिका के इस अपमान के लिये दंडित किया जा सकता है।
  • मीडिया द्वारा इस तरह की अवमानना को रचनात्मक अवमानना की संज्ञा दी जाती है। यह भारत के न्यायालय की अवमानना अधिनियम, [(Contempt of Court Act, 1971 की धारा 2 (C) (iii))] के तहत आपराधिक अवमानना ​​की परिभाषा में शामिल है।
  • जबकि न्यायाधीशों को अभिप्रेरित आरोपों के खिलाफ संरक्षण की आवश्यकता होती है, क्योंकि सम्यक प्रक्रिया की मांग यह है कि किसी मामले की जाँच त्वरित, पूर्ण, उचित तथा निष्पक्ष होनी चाहिये।
  • देश की सर्वोच्च न्यायिक संस्था में इस तरह का असाधारण घटनाक्रम न्यायिक जवाबदेही को लेकर कुछ बड़े सवालों पर पुनर्विचार करने का अवसर प्रदान करता है।

‘अच्छे व्यवहार’ का प्रश्न

  • भारत का संविधान जजों को जनता की इच्छा, संसद और शक्तिशाली कार्यपालिका से रक्षा प्रदान करता है।
  • महाभियोग एक राजनीतिक प्रक्रिया है जिसमें सांसद पार्टी-लाइन के साथ मतदान करते हैं।
  • 1993 में जस्टिस वी. रामास्वामी के खिलाफ महाभियोग की कार्यवाही कॉन्ग्रेस द्वारा महाभियोग के खिलाफ मतदान करने के कारण विफल रही।
  • पिछले साल राज्यसभा के सभापति ने सीजेआई दीपक मिश्रा पर महाभियोग चलाने के लिये विपक्ष के कदम को अस्वीकार कर दिया था।
  • संविधान 'दुर्व्यवहार' और 'अक्षमता' को परिभाषित नहीं करता है।
  • न्यायाधीश (जाँच) विधेयक, [(Judges (Enquiry) Bill)], 2006, जिसमें उच्च न्यायालयों और उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों की अक्षमता या दुर्व्यवहार के आरोपों की जाँच के लिये एक राष्ट्रीय न्यायिक परिषद की स्थापना करने की बात की गई थी, में ‘दुर्व्यवहार’ को परिभाषित किया गया है।
  • इसके अनुसार जान बूझकर किया गया ऐसा व्यवहार जो न्यायपालिका को अपमानित या बदनाम करे, या एक न्यायाधीश के कर्त्तव्यों को पूरा करने में विफलता, या न्यायिक पद का दुरुपयोग, भ्रष्टाचार, सत्यनिष्ठा में कमी या नैतिक मर्यादा से जुड़े अपराध ‘दुर्व्यवहार’ (Misbehaviour) की श्रेणी में आते हैं।
  • सी. रविचंद्रन अय्यर बनाम न्यायमूर्ति ए.एम. भट्टाचार्जी व अन्य (1995) में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ‘दुर्व्यवहार’ की एक स्थिर परिभाषा नहीं हो सकती है। लेकिन अगर किसी न्यायाधीश के आचरण से न्यायपालिका की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिन्ह लग रहा हो तो इसे दुर्व्यवहार माना जाना चाहिये।

न्यायिक मानक एवं जवाबदेही विधेयक, 2010

  • इस विधेयक में अधिकतम न्यायिक स्वतंत्रता और न्यायाधीशों की जवाबदेही बढ़ाने का प्रावधान है।
  • इसमें किसी न्यायाधीश के दुराचार के बारे में शिकायतों की जाँच के लिये एक विश्वसनीय तंत्र बनाने तथा जाँच की प्रक्रिया के नियमन का भी प्रावधान किया गया है।
  • इसमें सर्वोच्च न्यायालय या उच्च न्यायालय के किसी न्यायाधीश के खिलाफ महाभियोग की शक्ति संसद के पास ही रखने का प्रावधान शामिल है।
  • इसमें उच्‍चतम न्‍यायालय या उच्‍च न्‍यायालय के न्‍यायाधीश के कदाचार या असमर्थता की शिकायतों का अन्‍वेषण करने के लिये विद्यमान प्रणाली को परिवर्तित करने और साथ-ही-साथ अधिक जवाबदेही निर्धारित करने का प्रस्‍ताव है। 
  • विधेयक शिकायतों पर गौर करने तथा शास्तियों के लिये जो कि जाँच के पूरा होने पर अधिरोपित की जा सकती हैं, व्‍यापक प्रणाली का उपबंध करने के अतिरिक्त न्‍यायिक मानकों को अधिकथित करता है और पदस्‍थ न्‍यायाधीशों के लिये भी अधिकथित करता है कि वे अपनी आस्तियों/दायित्‍वों को घोषित करें।

सीजेआई के खिलाफ आपराधिक मामले की शिकायत करने की क्या है प्रक्रिया?

  • के. रामास्वामी (1991) के केस में सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि न्यायाधीश का पद संवैधानिक होता है, अतः उन्हें आपराधिक मामलों के अंतर्गत नहीं हटाया जा सकता।
  • किसी उच्च न्यायालय के न्यायाधीश या उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश या उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज करने से पूर्व भारत के मुख्य न्यायाधीश की सहमति लेनी आवश्यक है।
  • CJI के विरुद्ध मामले के लिये सरकार को उच्चतम न्यायालय के वरिष्ठतम न्यायाधीशों से सलाह लेनी आवश्यक है, तत्पश्चात् अग्रिम कार्यवाही के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
  • CJI या सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों के विरुद्ध आपराधिक दुर्व्यवहार की शिकायत के लिये आतंरिक तंत्र (In-house-mechanism) की व्यवस्था है।
  • इसके अंतर्गत मामले की जाँच के लिये जजों की एक कमेटी गठित की जाती है तथा जाँच से संबंधित रिपोर्ट मुख्य न्यायाधीश को सौंपी जाती है।
  • तत्पश्चात् मुख्य न्यायाधीश द्वारा अन्य न्यायाधीशों के साथ विचार-विमर्श के बाद अग्रिम कार्यवाही का निर्णय लिया जाता है।
  • न्यायाधीश के खिलाफ आरोप सिद्ध होने पर संविधान में केवल महाभियोग का प्रावधान है, सज़ा का कोई प्रावधान नहीं है।

न्यायिक जवाबदेही और कानून का शासन

  • न्यायिक प्रदर्शन को जाँच से परे रखना अदूरदर्शी होगा, क्योंकि जवाबदेही के बिना स्वतंत्रता मूर्खतापूर्ण स्वतंत्रता है।
  • ज़िम्मेदारी के बिना शक्ति संवैधानिकता के विरुद्ध है। न्यायाधीशों सहित लोक सेवकों की जवाबदेही एक परिपक्व लोकतंत्र का सार है।
  • न्यायिक जवाबदेही कम-से-कम तीन पृथक मूल्यों को बढ़ावा देती है, कानून का शासन, न्यायपालिका में जनता का विश्वास और संस्थागत ज़िम्मेदारी।
  • न्यायिक स्वतंत्रता और न्यायिक जवाबदेही उद्देश्यपूर्ण उपकरण हैं जिन्हें संवैधानिक उद्देश्यों की पूर्ति के लिये डिज़ाइन किया गया है।
  • यद्यपि न्यायपालिका की स्वतंत्रता संविधान की मूल संरचना का एक हिस्सा है, लेकिन यह अपने आप में एक अनंत नहीं है।
  • कानून का शासन न्यायिक जवाबदेही की मांग करता है। जवाबदेही शक्ति के प्रदर्शन को अधिक कुशल और प्रभावी बनाती है।

निष्कर्ष

भारत की न्यायपालिका पर संकट उसकी साख और विश्वसनीयता को लेकर उत्पन्न हुआ है। मामला अधिक चिंताजनक इसलिये है कि देश के आम नागरिक से लेकर अमीर-गरीब और सत्ता प्रतिष्ठान सबके लिये न्याय की आखिरी उम्मीद उच्चतम न्यायालय से ही होती है। यहाँ से मिला विधि-सम्मत न्याय अंतिम माना जाता है, साथ ही वह संदेह से परे भी होता है। यदि न्याय की इस सर्वोच्च संस्था के बारे में ऐसी बातें आमजन के भीतर उत्पन्न होती हैं तो इसकी विश्वसनीयता को लेकर संदेह पैदा होता है। न्याय करने वाले न्यायाधीशों पर यदि गंभीर आरोप लगने लगें तो लोकतंत्र के इस महत्त्वपूर्ण स्तंभ के लिये इससे ज़्यादा बुरा कुछ नहीं हो सकता। आरोप सही हैं या झूठ, इसकी पड़ताल होनी चाहिये। इसकी भी जाँच होनी चाहिये कि क्या न्यायपालिका को अस्थिर करने के लिये कोई षड्यंत्र किया जा रहा है?

Wednesday, May 1, 2019

RPSC (RAS) - प्रकृति एवं प्रक्रिया

Ashok Pradhan     May 01, 2019     No comments

परिचय (Introduction):

सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के दौरान ज्यादातर अभ्यर्थी राज्य सिविल सेवा (पी.सी.एस.) परीक्षाओं में भी सम्मिलित होते हैं। यह प्रवृत्ति हिंदी भाषी राज्यों के अभ्यर्थियों में अधिकांशत: देखने को मिलती है। राजस्थान मूल के अभ्यर्थियों के अलावा सिविल सेवा की तैयारी करने वाले अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों (विशेषकर हिंदी माध्यम) के लिये भी राजस्थान लोक सेवा आयोग (आर.पी.एस.सी.), अजमेर द्वारा आयोजित परीक्षाएँ मुख्य आकर्षण होती हैं। प्रश्नों की प्रकृति एवं प्रक्रिया में अंतर होने के बावजूद सिविल सेवा प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षा के पाठ्यक्रम के अध्ययन की ‘राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवा (संयुक्त  प्रतियोगी) परीक्षा’ में सार्थक भूमिका होती है, इसलिये सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र इन परीक्षाओं में भी सफल होते हैं।
आयोग द्वारा आयोजित परीक्षाएँ: 
  • राजस्थान में राज्य आधारित सरकारी, अर्द्ध-सरकारी, न्यायिक एवं अन्य अधीनस्थ सेवाओं का आयोजन मुख्य रूप से राजस्थान लोक सेवा आयोग (आर.पी.एस.सी.), अजमेर द्वारा किया जाता है। 
  • इस आयोग द्वारा आयोजित सर्वाधिक लोकप्रिय परीक्षा ‘राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवा (संयुक्त प्रतियोगी) परीक्षा’ है, जिसे ‘आर.ए.एस.-आर.टी.एस.’ के नाम से भी जाना जाता है।  
आर.ए.एस.-आर.टी.एस. परीक्षा- प्रकृति एवं प्रक्रिया 
परीक्षा की प्रकृति: 
  • आयोग द्वारा आयोजित इन प्रतियोगी परीक्षाओं में सामान्यत: क्रमवार तीन स्तर सम्मिलित हैं-
  1. प्रारंभिक परीक्षा – वस्तुनिष्ठ प्रकृति
  2.  
  3. मुख्य परीक्षा - वर्णनात्मक प्रकृति
  4.  
  5. साक्षात्कार - मौखिक
  • वर्ष 2013 से आर.पी.एस.सी. की प्रारम्भिक एवं मुख्य परीक्षा की प्रकृति एवं पाठ्यक्रम में महत्त्वपूर्ण बदलाव किया गया है। इसका विस्तृत विवरण नीचे दिया गया है।  
परीक्षा की प्रक्रिया:
प्रारंभिक परीक्षा की प्रक्रिया:
  • सर्वप्रथम आयोग द्वारा इन परीक्षाओं से सम्बंधित विज्ञप्ति जारी की जाती है, उसके पश्चात ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू होती है। फॉर्म भरने की प्रक्रिया सम्बंधित विस्तृत जानकारी ‘विज्ञप्ति’ के अंतर्गत ‘ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?’ शीर्षक में दी गयी है।   
  • विज्ञप्ति में उक्त परीक्षा से सम्बंधित विभिन्न पहलुओं का विस्तृत विवरण दिया गया होता है। अत: फॉर्म भरने से पहले इसका अध्ययन करना लाभदायक रहता है।     
  • फॉर्म भरने की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद सामान्यतः 3 से 4 माह पश्चात प्रारम्भिक परीक्षा आयोजित की जाती है। 
  • यह प्रारंभिक परीक्षा एक ही दिन आयोग द्वारा निर्धारित राज्य के विभिन्न केन्द्रों पर सम्पन्न होती है। 
  • आयोग द्वारा आयोजित इस प्रारम्भिक परीक्षा की प्रकृति वस्तुनिष्ठ (बहुविकल्पीय) होती है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक प्रश्न के लिये दिये गए चार संभावित विकल्पों (a, b, c और d) में से एक सही विकल्प का चयन करना होता है।  
  • प्रश्न से सम्बंधित इस चयनित विकल्प को आयोग द्वारा दी गयी ओ.एम.आर. सीट में उसके सम्मुख दिये गए सम्बंधित गोले (सर्किल) में उचित स्थान पर काले या नीले बॉल पॉइंट पेन से भरना होता है।    
  • वर्ष 2013 में किये गए नवीन संशोधन के पश्चात आयोग की इस प्रारम्भिक परीक्षा में केवल एक प्रश्नपत्र सामान्य ज्ञान एवं सामान्य विज्ञान (वस्तुनिष्ठ) होता है (पूर्व में दो प्रश्नपत्र क्रमशः ‘सामान्य ज्ञान एवं सामान्य विज्ञान’ तथा अभ्यर्थी द्वारा विज्ञप्ति में दिये गये विषयों में से चयनित ‘एक वैकल्पिक विषय’ होते थे )। 
  • प्रारम्भिक परीक्षा के इस नवीन प्रश्नपत्र में प्रश्नों की कुल संख्या- 150 एवं अधिकतम अंक -200 निर्धारित हैं (सभी प्रश्नों के अंक समान होते हैं)। इसका उत्तर अभ्यर्थियों को आयोग द्वारा निर्धारित तीन घंटे की समय सीमा में देना होता है। 
  • आर.पी.एस.सी. द्वारा आयोजित इस परीक्षा में गलत उत्तर के लिये नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान किया गया है, जिसमें प्रत्येक गलत उत्तर के लिये एक तिहाई (1/3) अंक काटे जाते हैं।  
  • यदि अभ्यर्थी किसी प्रश्न का एक से अधिक उत्तर देता है, तो उस उत्तर को गलत माना जाएगा, यदि दिये गए उत्तरों में से एक सही भी उत्तर हो, फिर भी उस प्रश्न के लिये उपरोक्तानुसार ही उसी तरह का दण्ड दिया जाएगा। 
  • यदि अभ्यर्थी द्वारा कोई प्रश्न हल नहीं किया जाता है, अर्थात अभ्यर्थी द्वारा उत्तर नहीं दिया जाता है, तो उस प्रश्न के लिये  कोई दण्ड नहीं होगा।   
  • नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान होने के कारण इस परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिये सामान्यत: 40-50% अंक प्राप्त करने की आवश्यकता होती है, किन्तु कभी-कभी प्रश्नों के कठिनाई स्तर को देखते हुए यह प्रतिशत और भी कम हो सकता है।  
  • प्रश्नपत्र दो भाषाओं (हिंदी एवं अंग्रेजी) में दिये गए होते हैं, प्रश्न की भाषा सम्बन्धी किसी भी विवाद की स्थिति में अंग्रेजी भाषा में छपे प्रश्नों को वरीयता दी जाएगी। 
  • प्रारम्भिक परीक्षा की प्रकृति क्वालिफाइंग होती है। इसमें प्राप्त अंकों को मुख्य परीक्षा या साक्षात्कार के अंकों के साथ नहीं जोड़ा जाता है।  
मुख्य परीक्षा की प्रक्रिया:
  • प्रारम्भिक परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थियों के लिये मुख्य परीक्षा का आयोजन राज्य के सात संभागों (जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, बीकानेर, जोधपुर और उदयपुर) में आयोग द्वारा निर्धारित विभिन्न केन्द्रों पर किया जाता है। 
  • वर्ष 2013 में आर.पी.एस.सी. की मुख्य परीक्षा के पाठ्यक्रम में बदलाव किया गया है। पहले मुख्य परीक्षा में दो वैकल्पिक विषय होते थे, जिन्हें अब हटा दिया गया है। 
  • अब मुख्य परीक्षा में चार अनिवार्य प्रश्नपत्र (सामान्य अध्ययन प्रथम प्रश्नपत्र, सामान्य अध्ययन द्वितीय प्रश्नपत्र, सामान्य अध्ययन तृतीय प्रश्नपत्र और ‘सामान्य हिंदी एवं सामान्य अंग्रेजी’ ) होते हैं, इसकी विस्तृत जानकारी ‘पाठ्यक्रम’ शीर्षक में दी गयी है। 
  • मुख्य परीक्षा की प्रकृति वर्णनात्मक/विश्लेषणात्मक होती है, इसमें संक्षिप्त, मध्यम और दीर्घ शब्द–सीमा वाले प्रश्न पूछे जाते हैं। इन सभी प्रश्नों के उत्तर को आयोग द्वारा दी गयी उत्तर-पुस्तिका में निर्धारित स्थान पर निर्धारित शब्दों में अधिकतम तीन घंटे की समय सीमा में लिखना होता है। 
  • नवीन संशोधनों के पश्चात आर.पी.एस.सी. की मुख्य परीक्षा अब कुल 800 अंकों की होती है, जिसमें प्रत्येक प्रश्नपत्र के लिये अधिकतम 200-200 अंक निर्धारित किये गए। 
  • परीक्षा के इस चरण में सफलता प्राप्त करने के लिये सामान्यत: 60-65% अंक प्राप्त करने की आवश्यकता होती है। 
  • पूर्व की भाँति ही इन प्रश्नपत्रों में प्राप्त किये गए अंक मेधा सूची में जोड़े जाएंगे। 
  • परीक्षा के सभी विषयों में कम से कम शब्दों में की गई संगठित, सूक्ष्म और सशक्त अभिव्यक्ति को श्रेय मिलेगा। 
साक्षात्कार की प्रक्रिया: 
मुख्य परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों को सामान्यत: एक माह पश्चात आयोग के समक्ष साक्षात्कार के लिये उपस्थित होना होता है।  साक्षात्कार के दौरान अभ्यर्थियों के व्यक्तित्व का परीक्षण किया जाता है, जिसमें आयोग के सदस्यों द्वारा आयोग में निर्धारित स्थान पर म...
  • मुख्य परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों को सामान्यत: एक माह पश्चात आयोग के समक्ष साक्षात्कार के लिये उपस्थित होना होता है। 
  • साक्षात्कार के दौरान अभ्यर्थियों के व्यक्तित्व का परीक्षण किया जाता है, जिसमें आयोग के सदस्यों द्वारा आयोग में निर्धारित स्थान पर मौखिक प्रश्न पूछे जाते हैं जिसका उत्तर अभ्यर्थी को मौखिक रूप से देना होता है। यह प्रक्रिया अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार एक से अधिक दिनों तक चलती है। 
  • आर.पी.एस.सी. की इस परीक्षा में साक्षात्कार के लिये कुल 100 अंक निर्धारित किये गये हैं।  
  • मुख्य परीक्षा एवं साक्षात्कार में प्राप्त किये गए अंकों के योग के आधार पर अंतिम रूप से मेधा सूची (मेरिट लिस्ट) तैयार की जाती है।    
  • सम्पूर्ण साक्षात्कार समाप्त होने के सामान्यत: एक सप्ताह पश्चात अन्तिम रुप से चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की जाती है।

राजनीतिक दलों के लिए राज्‍य स्‍तरीय या राष्‍ट्रीय दर्जा प्राप्‍त करने की परिस्थितियां

Ashok Pradhan     May 01, 2019     No comments
राजनीतिक दलों के लिए राज्‍य स्‍तरीय या राष्‍ट्रीय दर्जा प्राप्‍त करने की परिस्थितियां
भारत का कोई भी 25 वर्षीय नागरिक जिसका नाम मतदाता सूची में भी शामिल हो वह बिना कोई दल बनाए चुनाव लड़ सकता है। इसी तरह, विभिन्‍न संस्‍थाएं भी चुनाव आयोग में पंजीकृत हुए बिना चुनाव में भाग ले सकती हैं लेकिन ऐसे में उन्हें राजनीतिक दल का दर्जा प्राप्‍त नहीं होगा और न ही जनप्रतिनिधित्‍व अधिनियम (आरपीए), 1951के प्रावधानों के तहत मिलने वाले लाभ इन संस्‍थाओं को मिल पाएंगे।
किसी भी पंजीकृत राजनीतिक दल को कई प्रकार के लाभ प्राप्‍त होते हैं। आरपीए, राजनीतिक दलों को किसी सरकारी कंपनी के अलावा किसी भी व्‍यक्ति या अन्‍य कम्‍पनियों से मिलने वाले स्‍वैच्छिक सहायता योगदानों को स्‍वीकार करने की अनुमति देता है। इसके अलावा, पंजीकृत दलों को चुनाव चिन्‍हों के आवंटन में भी प्रमुखता दी जाती है जबकि अन्‍य उम्‍मीदवारों को निर्दलीय उम्‍मीदवार माना जाता है और ऐसे उम्‍मीदवार को चुनाव चिन्‍हों के मामले में प्रमुखता नहीं दी जाती है।
पंजीकृत राजनीतिक दलों को चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित शर्तें पूरी करने पर चुनाव चिन्‍ह (आरक्षण व आवंटन) आदेश 1968, समय-समय पर संशोधित, के तहत कुछ समय के बाद राज्‍य स्‍तरीय या राष्‍ट्रीय दल का दर्जा भी प्रदान किया जा सकता है।
अगर किसी पंजीकृत दल को राज्‍यस्‍तरीय दल की मानयता प्राप्‍त है तो उसे जिस राज्‍य में मान्‍यता प्राप्‍त है, वहां उसे उस राज्‍य में अपने उम्‍मीदवारों को दल के लिये सुरक्षित चुनाव चिन्‍ह आवंटित करने का विशेष अधिकार प्राप्‍त होता है। यदि किसी दल को राष्‍ट्रीय दल का दर्जा हासिल है तो उसे पूरे भारत में अपने उम्‍मीदवारों को दल के लिए सुरक्षित चुनाव चिन्‍ह आवंटित करने का विशेष अधिकार प्राप्‍त होता है। मान्‍यता प्राप्‍त राष्‍ट्रीय या राज्‍य स्‍तरीय उम्‍मीदवारों को नामांकन-पत्र दाखिल करते वक्‍त सिर्फ एक ही प्रस्‍तावक की जरूरत होती है। इसके अलावा उन्‍हें मतदाता सूचियों में संशोधन के वक्‍त मतदाता सूचियों के दो सेट नि:शुल्क पाने का अधिकार भी होता है। आम चुनाव के दौरान उनके उम्‍मीदवारों को भी मतदाता सूची का एक सेट नि:शुल्क पाने का हक होता है। इसके अलावा आम चुनाव के दौरान उन्‍हें आकाशवाणी और दूरदर्शन पर प्रसारण की सुविधा भी मिलती है। ऐसे राजनीतिक दलों को आम चुनाव के दौरान अपने स्‍टार प्रचारक नामित करने की सुविधा भी प्राप्‍त हो जाती है। एक मान्‍यता प्राप्‍त राष्‍ट्रीय या राज्‍य स्‍तरीय दल अपने लिए अधिकतम 40 स्‍टार प्रचारक रख सकता है जबकि एक गैर मान्‍यता प्राप्‍त पंजीकृत दल अधिकतम 20 स्‍टार-प्रचारक ही रख सकता है। इन स्‍टार प्रचारकों का यात्रा खर्च उस उम्‍मीदवार के खर्च में नहीं जोड़ा जाता जिसके पक्ष में ये स्‍टार प्रचारक, प्रचार करते हैं।
किसी राजनीतिक दल को किसी राज्‍य में मान्‍यता प्राप्‍त राजनीतिक दल तभी माना जाएगा यदि वह निम्‍नलिखित में से कोई एक शर्त पूरी करता हो:-
·        किसी आम चुनाव में या विधानसभा चुनाव में उस दल ने राज्‍य विधानसभा की 3 प्रतिशत सीटों (कम से कम तीन सीटों) पर चुनाव जीता हो।
·        लोकसभा या विधानसभा के किसी आम चुनाव में उस राजनीतिक दल ने उस राज्‍य के हिस्‍से की प्रति 25 लोकसभा सीटों पर एक लोकसभा सीट जीती हो।
·        लोकसभा या विधानसभा के किसी आम चुनाव में किसी राज्‍य में उस राजनीतिक दल को कम से कम 6 प्रतिशत मत प्राप्‍त हुए हों। इसके अलावा उस दल ने उस राज्‍य से एक लोकसभा सीट या 2 विधानसभा सीटों पर चुनाव जीता हो।
·        लोकसभा या विधानसभा के किसी आम चुनाव में उस राजनीतिक दल को उस राज्‍य में 8 प्रतिशत मत मिले हों।
किसी राजनीतिक दल को राष्‍ट्रीय दल का दर्जा प्राप्‍त होना:-
·        उस राजनीतिक दल को तीन अलग-अलग राज्‍यों की लोकसभा (11 सीटों) की 2 प्रतिशत सीटें प्राप्‍त हुई हों।
·        लोकसभा या विधानसभा के किसी आम चुनाव में उस राजनीतिक दल को 4 राज्‍यों के कुल मतों में से 6 प्रतिशत मत प्राप्‍त हुए हों और उसने लोकसभा की 4 सीटें जीती हों।
·        किसी राजनीतिक दल को 4 या अधिक राज्‍यों में राज्‍य स्‍तरीय दल के रूप में मान्‍यता प्राप्‍त हो।
राष्‍ट्रीय और राज्‍य स्‍तरीय दोनों तरह के दलों को मान्‍यता प्राप्‍त होने के बाद होने वाले सभी लोकसभा या राज्‍य विधानसभा चुनावों में इन शर्तों को पूरा करते रहना होगा वरना, उन्‍हें प्राप्‍त हुई मान्‍यता समाप्‍त मानी जाएगी।
PIB - GOVT. OF INDIA

Recommended

Like Us

{getWidget} $results={3} $label={comments} $type={list}

Facebook SDK

Powered by Blogger.

SUBSCRIBE


Search This Blog

Blog Archive

Link list

Translate

About

Pages

Pages - Menu

Blogger news

3-latest-65px

Pages

Pages - Menu

Blogroll

© 2015 Civil Service . Blogger Templates Designed by Bloggertheme9. Powered by Blogger.